हम लगभग रोज़ ईमेल भेजें और प्राप्त करते हैं, लेकिन बहुत कम ही सोचते हैं कि ये कैसे काम करता है या प्रक्रिया सुरक्षित है या नहीं। लेकिन गलत ईमेल प्रोटोकॉल चुनने से कई समस्याएं हो सकती हैं, जैसे आपके कंप्यूटर पे सीमित स्टोरेज स्पेस से लेकर डेटा लीक तक, ग्राहकों का भरोसा खोना या डोमेन का ब्लॉक होना।
ये गाइड बताती है कि ईमेल प्रोटोकॉल कैसे काम करते हैं, कार्यक्षमता और सुरक्षा के बीच का ज़रूरी फर्क समझाती है, और SMBs के लिए एक चेकलिस्ट देती है।
ईमेल ग्लॉसरी संक्षेप में
ईमेल से जुड़ी शब्दावली सब एक जैसी लगती है, लेकिन इनके बीच का फर्क ज़रूरी है। इस गाइड में हम इन चीज़ों के बारे में बात करेंगे:
ईमेल क्लाइंट: वो सॉफ्टवेयर एप्लीकेशन जिसका इस्तेमाल आप अपने ईमेल पढ़ने, लिखने और संभालने के लिए करते हैं, जैसे Outlook, Apple Mail और Proton Mail।
ईमेल प्रोटोकॉल: नियमों का वो समूह जो तय करता है कि ईमेल इंटरनेट पे कैसे भेजे, प्राप्त और स्टोर किये जाते हैं। SMTP, IMAP और POP3 जैसे कोर प्रोटोकॉल सर्वर और क्लाइंट के बीच संदेशों की यांत्रिक हलचल को हैंडल करते हैं।
ईमेल सिक्योरिटी प्रोटोकॉल: स्टैंडर्ड्स की एक सुरक्षा परत जो कोर ईमेल प्रोटोकॉल के ऊपर होती है ताकि निजता और डेटा इंटीग्रिटी सुनिश्चित हो सके। इनमें TLS (ट्रांज़िट के लिए) और S/MIME या PGP (शुरु-से-अंत तक कंटेंट के लिए) जैसे एन्क्रिप्शन तरीके शामिल हैं, साथ ही मालवेयर या स्पैम पकड़ने के तरीके भी।
ईमेल सत्यापन: ये प्रक्रिया जांचती है कि कोई ईमेल असल में उसी डोमेन से आया है जिसका वो दावा करता है। ये SPF, DKIM और DMARC के त्रिपुट पर निर्भर करता है ताकि प्राप्त करने वाले सर्वरों को बताया जा सके कि संदेश पर भरोसा करना है, फ्लैग करना है या खारिज करना है, जिससे स्पूफिंग और फिशिंग से बचा जा सके।
ईमेल मार्केटिंग टूल: ऐसा प्लैटफॉर्म जो बल्क ईमेल कैंपेन बनाने, भेजने और ट्रैक करने के लिए बनाया गया है, जैसे Mailchimp, HubSpot या SendGrid। ये टूल संदेश भेजने के लिए SMTP का इस्तेमाल करते हैं और ज़्यादा डिलीवरेबिलिटी दर सुनिश्चित करने के लिए सही ईमेल सत्यापन पर बहुत निर्भर करते हैं।
ईमेल प्रोटोकॉल समझे
1. सिंपल मेल ट्रांसफर प्रोटोकॉल (SMTP)
ये क्या है: ईमेल भेजने का स्टैंडर्ड प्रोटोकॉल। SMTP आपके ईमेल क्लाइंट से सर्वर तक और सर्वरों के बीच ट्रांसफर को हैंडल करता है।
ये कैसे काम करता है: आपका ईमेल क्लाइंट एक SMTP सर्वर से कनेक्ट करता है, सत्यापन करता है और संदेश सौंप देता है। फिर सर्वर उसे प्राप्तकर्ता के डोमेन तक भेजता है। SMTP के बिना ईमेल भेजना संभव नहीं है।
सुरक्षा नोट: स्टैंडर्ड SMTP डेटा प्लेन टेक्स्ट में भेजता है। एन्क्रिप्शन (STARTTLS) के बिना, संवेदनशील बिज़नेस डेटा इंटरसेप्ट हो सकता है।
2. इंटरनेट मेसेज एक्सेस प्रोटोकॉल (IMAP)
ये क्या है: ईमेल प्राप्त करने और संभालने का आधुनिक स्टैंडर्ड। IMAP संदेशों को सर्वर पे रखता है और उन्हें आपके सारे डिवाइस पे सिंक करता है।
ये कैसे काम करता है: जब आप अपने फोन, लैपटॉप या टैबलेट पे ईमेल चेक करते हैं, तो IMAP सेंट्रल सर्वर से नवीनतम स्थिति लाता है। क्योंकि ईमेल सर्वर पे स्टोर किया जाता है, लैपटॉप खो जाने पर भी ईमेल हिस्ट्री सुरक्षित रहती है। इसी तरह, किसी एक डिवाइस पे ईमेल मिटाने से वो हर जगह से मिट जाता है।
सुरक्षा नोट: क्योंकि डेटा सर्वर पे रहता है, मज़बूत सत्यापन और एन्क्रिप्शन ज़रूरी है।
3. पोस्ट ऑफिस प्रोटोकॉल v3 (POP3)
ये क्या है: एक पुराना प्रोटोकॉल जो ईमेल को एक ही डिवाइस पे डाउनलोड करता है और आमतौर पर उन्हें सर्वर से मिटा देता है।
ये कैसे काम करता है: ईमेल क्लाइंट कनेक्ट करता है, सारे नए संदेश डाउनलोड करता है और डिस्कनेक्ट कर देता है। सर्वर खाली रह जाता है। आधुनिक बिज़नेस के लिए ये प्रोटोकॉल शायद ही कभी सुझाया जाता है; इससे डाटा साइलो बनते हैं (अगर आपका डिवाइस क्रैश हो जाए, तो आपकी ईमेल हिस्ट्री चली जाती है), और चूंकि सारे ईमेल आपके डिवाइस पे डाउनलोड होते हैं, इससे आपके कंप्यूटर पे स्टोरेज की समस्या हो सकती है।
सुरक्षा नोट: सर्वर-साइड रिडंडेंसी की कमी के कारण ये हार्डवेयर फेल्योर और चोरी के प्रति कमज़ोर है। ये हाई-रिस्क प्रोटोकॉल सुझाया नहीं जाता, खासकर बिज़नेस के लिए।
और पढ़ें: SMTP, IMAP और POP3 क्या हैं?
SMTP और IMAP के उद्देश्य एक-दूसरे के उल्टे हैं, लेकिन काम करने वाले ईमेल सेटअप के लिए दोनों प्रोटोकॉल ज़रूरी हैं। SMTP संदेश बाहर भेजता है, जबकि IMAP आने वाले संदेश प्राप्त करता है। ज़्यादातर आधुनिक ईमेल प्रदाता इस जटिलता को छिपा देते हैं, और सॉफ्टवेयर बैकग्राउंड में SMTP और IMAP दोनों सेटिंग अपने आप कॉन्फ़िगर कर देता है। आपको शायद ही कभी सोचना पड़ता है कि आप कौन सा इस्तेमाल कर रहे हैं। सॉफ्टवेयर बस दोनों को एक साथ हैंडल कर लेता है।
ईमेल सिक्योरिटी प्रोटोकॉल
ईमेल प्रोटोकॉल संदेशों को आगे बढ़ाते और स्टोर करते हैं, लेकिन ईमेल सिक्योरिटी प्रोटोकॉल वो सिस्टम हैं जो ईमेल, भेजने वालों और प्राप्तकर्ताओं को सुरक्षित रखते हैं। ये दो श्रेणियों में आते हैं: जो डेटा को निजी रखने के लिए एन्क्रिप्ट करते हैं, और जो पहचान साबित करने के लिए भेजने वालों का सत्यापन करते हैं।
एन्क्रिप्शन प्रोटोकॉल
Transport Layer Security (TLS): ईमेल जब इंटरनेट पे सफर करते हैं, तब मेल सर्वरों के बीच कनेक्शन को एन्क्रिप्ट करता है। ज़्यादातर आधुनिक ईमेल प्रदाता डिफॉल्ट रूप से TLS लागू करते हैं।
STARTTLS: एक कमांड जो मौजूदा बिना एन्क्रिप्शन वाले कनेक्शन को सुरक्षित TLS कनेक्शन में अपग्रेड करती है। अगर दूसरी तरफ की सहायता नहीं है, तो कनेक्शन प्लेन टेक्स्ट पे लौट आता है, जो एक संभावित कमज़ोरी है।
Secure/Multipurpose Internet Mail Extensions (S/MIME): संदेश स्तर पे शुरु-से-अंत तक एन्क्रिप्शन और डिजिटल हस्ताक्षर देता है। इसके लिए भेजने वाले और प्राप्तकर्ता दोनों को डिजिटल सर्टिफिकेट का आदान-प्रदान करना पड़ता है, जिससे ये एंटरप्राइज़ माहौल में ज़्यादा आम है।
Pretty Good Privacy (PGP) / GNU Privacy Guard (GPG): शुरु-से-अंत तक एन्क्रिप्शन और डिजिटल हस्ताक्षर का एक और तरीका जो मज़बूत निजता देता है। सर्टिफिकेट की जगह PGP वेब-ऑफ-ट्रस्ट मॉडल इस्तेमाल करता है, जिसमें उपयोगकर्ता सार्वजनिक चाबी सीधे आदान-प्रदान करते हैं।
सत्यापन प्रोटोकॉल
Sender Policy Framework (SPF): डोमेन मालिक को अधिकृत IP पतों की सूची प्रकाशित करने देता है जिन्हें उस डोमेन की ओर से ईमेल भेजने की अनुमति है। जब प्राप्त करने वाला सर्वर कोई संदेश पाता है, तो वो भेजने वाले का IP इस सूची से जांचता है। अगर IP सूची में नहीं है, तो ईमेल SPF में फेल हो जाता है।
DomainKeys Identified Mail (DKIM): हर जाने वाले ईमेल पे एक क्रिप्टोग्राफिक हस्ताक्षर जोड़ता है, जो भेजने वाले डोमेन से जुड़ा होता है। प्राप्त करने वाला सर्वर इस हस्ताक्षर को भेजने वाले के डीएनएस रिकॉर्ड में प्रकाशित सार्वजनिक चाबी से सत्यापित करता है।
Domain-based Message Authentication, Reporting, and Conformance (DMARC): SPF और DKIM को आपस में जोड़ता है और डोमेन मालिकों को ये नियंत्रण देता है कि सत्यापन फेल होने पर क्या हो। DMARC नीति के ज़रिए आप प्राप्त करने वाले सर्वरों को निर्देश दे सकते हैं कि फेल हुए संदेशों को स्वीकार करें, क्वारंटाइन करें या खारिज करें, और आपको रिपोर्ट भी मिलती हैं जो दिखाती हैं कि आपके डोमेन से कौन अनधिकृत ईमेल भेजने की कोशिश कर रहा है।
SMBs के लिए ये क्यों ज़रूरी है
अगर आपके कोर प्रोटोकॉल के ऊपर सिक्योरिटी प्रोटोकॉल की परतें नहीं हैं, तो आप इन खतरों में हैं:
- स्पूफिंग: हमलावर आपके ग्राहकों को ठगने के लिए आसानी से आपके डोमेन की नकल कर सकते हैं
- इंटरसेप्शन: बिना एन्क्रिप्शन वाला ट्रैफिक हैकर्स को रास्ते में ईमेल पढ़ने देता है
- ब्लैकलिस्टिंग: कमज़ोर सत्यापन से आपका डोमेन स्पैम के रूप में फ्लैग हो जाता है
इन ईमेल सिक्योरिटी प्रोटोकॉल के साथ एक परतेदार बचाव तैयार होता है। एन्क्रिप्शन कंटेंट को जिज्ञासु आंखों से दूर रखता है, और सत्यापन सुनिश्चित करता है कि ईमेल असल में उसी से आया है जिसका वो दावा करता है।
प्रोटोकॉल ईमेल मार्केटिंग की सफलता को कैसे प्रभावित करते हैं
SMBs के लिए ईमेल मार्केटिंग में एक उलझन आती है: हो सकता है कि ईमेल भेजने वाले आप न हों। आप मार्केटिंग टूल इस्तेमाल करते हैं या कैंपेन खुद चलाते हैं, ये तय करता है कि सुरक्षित करने की ज़िम्मेदारी किस चीज़ की है।
अगर आप कोई मार्केटिंग टूल इस्तेमाल कर रहे हैं
Mailchimp, HubSpot और SendGrid जैसे प्लैटफॉर्म भेजने का इंफ्रास्ट्रक्चर संभालते हैं, जिसमें SMTP सर्वर और एन्क्रिप्शन शामिल हैं। लेकिन वे आपके डोमेन का सत्यापन आपकी ओर से नहीं कर सकते। वो हिस्सा आपका है।
जब कोई मार्केटिंग टूल आपके डोमेन का इस्तेमाल करके ईमेल भेजता है, जैसे newsletter@aapkicompany.in, तो प्राप्तकर्ता का सर्वर फिर भी आपके डोमेन के सत्यापन रिकॉर्ड जांचता है:
- SPF: इसमें मार्केटिंग टूल के भेजने वाले IPs शामिल होने चाहिए ताकि प्राप्तकर्ता का सर्वर जान सके कि वे आपकी ओर से भेजने के लिए अधिकृत हैं।
- DKIM: मार्केटिंग टूल ईमेल पे क्रिप्टोग्राफिक चाबी से हस्ताक्षर करता है, लेकिन आपको संगत सार्वजनिक चाबी अपने डीएनएस रिकॉर्ड में प्रकाशित करनी होगी ताकि प्राप्तकर्ता उसे सत्यापित कर सके।
- DMARC: प्राप्त करने वाले सर्वरों को बताता है कि SPF या DKIM फेल होने पर क्या करना है, और आपको रिपोर्ट भेजता है ताकि आप अपने डोमेन के अनधिकृत इस्तेमाल पर निगरानी रख सकें।
ज़्यादातर मान्यता प्राप्त मार्केटिंग टूल ऑनबोर्डिंग के दौरान इस DNS सेटअप में आपकी मदद करते हैं। अगर आपका टूल ऐसा नहीं करता, तो ये एक खतरे की घंटी है।
अगर आप अपना कैंपेन खुद चला रहे हैं
अपने SMTP सर्वर से बल्क ईमेल भेजने से पूरी ज़िम्मेदारी आप पे आ जाती है। आपको ये करना होगा:
- एन्क्रिप्ट किया हुआ ट्रांसमिशन के लिए अपना SMTP सर्वर TLS/STARTTLS इस्तेमाल करने के लिए कॉन्फ़िगर करें
- अपने डोमेन के लिए SPF, DKIM और DMARC रिकॉर्ड सेटअप करें
- भेजने वाले की प्रतिष्ठा पर निगरानी रखें। शेयर किये गए या बुरी तरह संभाले गए SMTP सर्वर ब्लैकलिस्टिंग का आम रास्ता हैं
- कम भेजने की मात्रा से शुरू करें और धीरे-धीरे समय के साथ इसे बढ़ाएं ताकि इंबॉक्स प्रदाताओं का भरोसा बने
ये तरीका आपको ज़्यादा नियंत्रण देता है, लेकिन इसमें काफी ज़्यादा तकनीकी अनुभव और लगातार रखरखाव चाहिए। ज़्यादातर SMBs के लिए मान्यता प्राप्त मार्केटिंग टूल ज़्यादा सुरक्षित और आसान रास्ता है।
डेटा का स्वामित्व और बिज़नेस निरंतरता
किसी SMB के लिए ईमेल सिर्फ संवाद नहीं है; ये लेन-देन, समझौतों और ग्राहक रिश्तों का एक रिकॉर्ड है।
POP3 का जाल: अगर आपकी टीम POP3 इस्तेमाल करती है और किसी कर्मचारी का लैपटॉप क्रैश हो जाए, तो आप सालों का पत्राचार हमेशा के लिए खो सकते हैं, क्योंकि डेटा कभी सर्वर पे सेव नहीं हुआ था।
IMAP का फायदा: ईमेल सर्वर पे रखने से आप सुनिश्चित करते हैं कि डेटा हार्डवेयर फेल्योर और कर्मचारियों के जाने से बचा रहे। इससे एडमिनिस्ट्रेटर कम्प्लायंस ऑडिट के लिए संवादों का संग्रह और खोज भी कर सकते हैं।
चाहे POP3 सस्ता या आसान लगे, ज़रूरी बिज़नेस डेटा खोने का खतरा IMAP को बढ़ती कंपनी के लिए सबसे सुरक्षित विकल्प बनाता है।
SMBs के लिए ईमेल प्रोटोकॉल सिक्योरिटी चेकलिस्ट
अपना ईमेल इंफ्रास्ट्रक्चर सुरक्षित करने के लिए तैयार हैं? ये स्टेप-बाय-स्टेप गाइड फॉलो करें:
- अपना मौजूदा सेटअप ऑडिट करें:
- क्या आप सारे कनेक्शन के लिए TLS/STARTTLS इस्तेमाल कर रहे हैं? (अपने प्रदाता की सेटिंग जांचें)।
- क्या आप अब भी POP3 इस्तेमाल कर रहे हैं? अगर हां, तो तुरंत IMAP पे माइग्रेशन का प्लैन बनाएं।
- सत्यापन रिकॉर्ड लागू करें:
- अपने DNS प्रदाता में लॉगइन करें।
- अपना SPF रिकॉर्ड जोड़ें (सारे अधिकृत भेजने वाले IPs शामिल करें)।
- अपनी DKIM चाबी बनाएं और प्रकाशित करें।
- एक DMARC नीति सेटअप करें (निगरानी से शुरू करें)।
- अपना मार्केटिंग स्टैक सुरक्षित करें:
- सुनिश्चित करें कि आपका ईमेल मार्केटिंग प्लैटफॉर्म आपके कस्टम ईमेल डोमेन से भेजने के लिए कॉन्फ़िगर है, किसी सामान्य सबडोमेन से नहीं।
- बल्क कैंपेन भेजने से पहले सत्यापित करें कि आपका डोमेन तीनों सत्यापन जांच पास करता है।
- टेस्ट और निगरानी करें:
- Gmail, Outlook और Yahoo को टेस्ट ईमेल भेजें।
- सत्यापन पास हुआ, ये पक्का करने के लिए ईमेल हैडर देखें।
- अनधिकृत इस्तेमाल पर निगरानी रखने के लिए DMARC एग्रीगेट रिपोर्ट की सब्सक्रिप्शन लें।
अपना ईमेल इंफ्रास्ट्रक्चर ऑडिट करने के लिए किसी लीक या ब्लैकलिस्टिंग कार्यक्रम का इंतज़ार न करें। ऊपर दी गई चेकलिस्ट से शुरू करें, और ऐसा सिस्टम बनाएं जो आपके बिज़नेस की ग्रोथ को सुरक्षित तरीके से सहायता दे।
शुरु-से-अंत तक एन्क्रिप्शन लागू करने या अपना बिज़नेस ईमेल सुरक्षित करने में मदद चाहिए? एंटरप्राइज़-ग्रेड निजता और सुरक्षा के लिए Proton के बिज़नेस सॉल्यूशंस देखें।






