नई कानूनी ज़रूरतों का पालन करने के लिए, Discord इस समय यूनाइटेड किंगडम और ऑस्ट्रेलिया में अपने उपयोगकर्ताओं से वयस्क कंटेंट एक्सेस करने के लिए एज वेरिफिकेशन की मांग कर रहा है। मार्च से शुरू होने वाले चरणबद्ध रोलआउट के साथ, Discord अपनी नई “teen-by-default सेटिंग” के साथ एज वेरिफिकेशन की ज़रूरतों को दुनिया भर के लगभग 200+ मिलियन उपयोगकर्ताओं तक फैला रहा है(नई विंडो)

इसका मतलब है कि सभी Discord उपयोगकर्ताओं को डिफॉल्ट रूप से टीन-उपयुक्त एक्सपीरियंस मिलेगा, जब तक कि Discord ये तय ना कर दे (या उपयोगकर्ता साबित ना कर दे) कि वो कम से कम 18 साल के हैं।

डिफॉल्ट सेटिंग क्या हैं?

जब तक वयस्क के रूप में वेरिफाई ना हों:

  • आप एज-रेस्ट्रिक्टेड चैनल, सर्वर और ऐप कमांड्स एक्सेस नहीं कर पाएंगे।
  • मैच्योर कंटेंट ब्लर कर दिया जाएगा।
  • डिफॉल्ट रूप से, आपको अनजान लोगों से डायरेक्ट संदेश (DM) नहीं मिल सकेंगे। (ये सेटिंग वेरिफाइड वयस्क बदल सकते हैं।)
  • अनजान लोगों की ओर से आने वाली फ्रेंड रिक्वेस्ट के साथ चेतावनी आएगी।
  • आप Stage(नई विंडो) (स्ट्रीम) चैनल पे बोल नहीं पाएंगे।

हालांकि Discord अब बड़ी संख्या में ऑनलाइन कम्युनिटीज़ की मेज़बानी करता है, जिनमें से कुछ की NSFW रुचियां हैं, ये अब भी मुख्य रूप से गेम्स पे चर्चा करने के लिए ऑनलाइन जगह है। इसका मतलब है कि नए नियमों का इसके कई वयस्क उपयोगकर्ताओं पे ज़्यादा असर नहीं होगा, जिन्हें इन पाबंदियों को पार करने के लिए अपनी उम्र वेरिफाई करने की बहुत ज़रूरत नहीं हो सकती।

Discord का एज वेरिफिकेशन कैसे काम करेगा?

Discord ज़ोर देकर बताता है कि ज़्यादातर वयस्क उपयोगकर्ताओं को शायद अपनी उम्र वेरिफाई करने के लिए कुछ भी करने की ज़रूरत नहीं होगी। इसका नया inference model कुछ डाटा का विश्लेषण करेगा, जिसमें आप कब से Discord उपयोगकर्ता हैं, आप दिन में किस समय Discord इस्तेमाल करते हैं, आप कौन से गेम्स खेलते हैं, और अन्य व्यवहार संकेत शामिल हैं, ताकि ये तय हो सके कि आपके 18 साल से ज़्यादा होने की संभावना है या नहीं। Discord के मुताबिक निजी संदेश इस विश्लेषण में शामिल नहीं होंगे।

Discord ऐप में एज ग्रुप कन्फर्म करने का फॉर्म

अगर inference model को यकीन नहीं होता कि आप वयस्क हैं, तो आपसे एक या ज़्यादा अतिरिक्त प्रमाण मांगे जाएंगे।

वीडियो सेल्फी

AI का इस्तेमाल करके, Discord आपके रिकॉर्ड किए गए वीडियो सेल्फी के आधार पे उम्र का अनुमान लगा सकता है। ये सेल्फी कभी भी आपके डिवाइस से बाहर नहीं जाती, और Discord कहता है कि कोई बायोमेट्रिक स्कैनिंग या फेशियल रिकग्निशन नहीं किया जाता, सिर्फ उम्र का अनुमान लगाया जाता है।

सरकार द्वारा जारी आईडी अपलोड

आपसे सरकार द्वारा जारी फोटो पहचान दस्तावेज़ अपलोड करने को कहा जा सकता है, जिसे तीसरें-पार्टी वेंडर द्वारा इंसानी तौर पे वेरिफाई किया जाएगा। ये शायद Discord की नई ग्लोबल एज वेरिफिकेशन नीति का सबसे विवादास्पद हिस्सा होगा, क्योंकि यही प्रोसेस 2025 में एक बड़े डाटा लीक की वजह बनी थी, जिसमें लगभग 70,000 आईडी इमेज चोरी हुई थीं

लीक से सीखने का दावा करते हुए, Discord कहता है कि:

  • इसने आईडी चेक करने के लिए नए तीसरें-पार्टी प्रोवाइडर (K-ID) के साथ साझेदारी की है।
  • K-ID को भेजी गई आईडी इमेज “जल्दी मिटा दी जाएंगी”।

हालांकि, प्रोवाइडर बदलने के अलावा, ये प्रोसेस उस एक से ज़्यादा अलग नहीं है जो 2025 में छेड़छाड़ की गई थी। ये भी नोट करना चाहिए कि तीसरें-पार्टी ग्राहक सहायता सर्विस, जिस पर Discord ने लीक की ज़िम्मेदारी का आरोप लगाया था, ने इस बात की पुरज़ोर अस्वीकार(नई विंडो) की थी कि उसने कभी Discord के लिए सरकार द्वारा जारी आईडी संभाली हों, या उसका सिस्टम हैक हुआ हो।

किसी भी तरीके का इस्तेमाल हो, आपका एज वेरिफिकेशन स्टेटस निजी रहेगा और दूसरे Discord उपयोगकर्ताओं को नहीं दिखेगा।

Discord के नए एज वेरिफिकेशन सिस्टम पे अंतिम विचार

Discord का ग्लोबल एज वेरिफिकेशन की तरफ बढ़ना इंटरनेट भर के एक बड़े ट्रेंड को दर्शाता है। रेगुलेटर्स के बढ़ते दबाव में, प्लैटफॉर्म ये साबित करने के लिए बेताब हैं कि नाबालिग सुरक्षित हैं और वयस्क कंटेंट मीनिंगफुल एज वेरिफिकेशन चेक के पीछे सुरक्षित रूप से छिपा दिया गया है।

कई Discord उपयोगकर्ताओं के लिए, खासकर जो प्लैटफॉर्म का इस्तेमाल मुख्य रूप से गेमिंग या सामान्य कम्युनिटीज़ के लिए करते हैं, नई teen-by-default सेटिंग का शायद बहुत कम या कोई असर नहीं होगा, और उन्हें शायद कभी अपनी उम्र वेरिफाई करने की ज़रूरत ही नहीं पड़ेगी।

सबसे अहम बात, पिछले डाटा लीक की तरह, आखिरी विकल्प के तौर पे मैन्युअल एज वेरिफिकेशन व्यावहारिक ज़रूरत हो सकता है, लेकिन ये समस्याग्रस्त ही रहता है। डाटा सुरक्षा उपायों को बेहतर करने के भरोसे के बावजूद, Discord ने इस प्रोसेस से इंसानी एरर की संभावना खत्म नहीं की है।

और अगर लगभग रोज़ होने वाले बड़े डाटा लीक की चर्चा ने हमें कुछ सिखाया है, तो ये कि अगर डाटा लीक हो सकता है, तो लीक होगा भी, ये सिर्फ समय की बात है।