नियमित, ऑफसाइट बैकअप ज़रूरी डेटा को हार्डवेयर खराब होने, रैनसमवेयर और लोकल आपदाओं से बचाते हैं। लेकिन हेडलेस सर्वर या शेड्यूल की गई स्क्रिप्ट चलाने वाले डेवलपर्स, सिसएडमिन और प्राइवेसी के प्रति सजग पावर यूज़र ब्राउज़र या डेस्कटॉप ऐप से मैन्युअल अपलोड पर भरोसा नहीं कर सकते।
Proton Drive CLI (कमांड लाइन इंटरफ़ेस) की शुरुआत के साथ, Proton की zero-knowledge शुरु-से-आखिर तक एन्क्रिप्शन (E2EE) को अपने क्लाउड बैकअप ऑटोमेशन—आपकी बैकअप स्क्रिप्ट और शेड्यूल किए गए शेल वर्कफ़्लो—में शामिल किया जा सकता है।
CLI का असरदार इस्तेमाल करने के लिए उसकी भूमिका समझना ज़रूरी है। यह गाइड बताती है कि CLI-आधारित बैकअप आर्किटेक्चर लगातार चलने वाले बैकग्राउंड सिंक से बेहतर क्यों है, कॉन्फ्लिक्ट स्ट्रैटेजी फाइल के वर्ज़न कैसे हैंडल करती हैं, और Linux, macOS तथा Windows पर पूरी तरह एन्क्रिप्ट किए हुए ऑफसाइट बैकअप कैसे शेड्यूल करें।
- ऑफसाइट बैकअप क्या है और यह क्यों ज़रूरी है?
- अपने ऑफसाइट बैकअप एन्क्रिप्ट क्यों करें?
- Proton Drive CLI में एटॉमिक स्क्रिप्टिंग vs बैकग्राउंड सिंक
- कॉन्फ्लिक्ट स्ट्रैटेजी इंक्रीमेंटल बैकअप कैसे मैनेज करती हैं
- ऑटोमेटेड एन्क्रिप्ट किया हुआ बैकअप सेटअप करना: स्टेप-बाय-स्टेप गाइड
- बेस्ट प्रैक्टिस
- आपका ऑफसाइट बैकअप, एन्क्रिप्टेड और ऑटोमेटेड
ऑफसाइट बैकअप क्या है और यह क्यों ज़रूरी है?
अगर आपका बैकअप उसी मशीन पर है जहां आपका डेटा है, तो वह असल में बैकअप नहीं है। हार्डवेयर खराब हो जाता है। रैनसमवेयर जहां तक पहुंच सकता है, सब कुछ एन्क्रिप्ट कर देता है—जुड़ी हुई ड्राइव समेत। आग, बाढ़ या चोरी आपकी मुख्य डिस्क और ठीक उसके पास रखी बैकअप ड्राइव में कोई फर्क नहीं करती।
3-2-1 बैकअप नियम इसी वजह से है: अपने डेटा की कम से कम 3 कॉपी रखें, कम से कम 2 अलग-अलग मीडिया पर, और कम से कम 1 कॉपी ऑफसाइट।
वह ऑफसाइट कॉपी, जो आपके बाकी बैकअप और मुख्य डेटा से भौगोलिक रूप से अलग होनी चाहिए, आपकी आखिरी सुरक्षा कड़ी है, इसलिए उसे ऐसी जगह रखा जाना चाहिए जहां लोकल खराबी न पहुंच सके। अगर वह क्लाउड में है, तो सर्विस प्रोवाइडर को भी उसे पढ़ पाना नहीं चाहिए। यहीं Proton Drive CLI काम आता है।
अपने ऑफसाइट बैकअप एन्क्रिप्ट क्यों करें?
बैकअप को ऑफसाइट रखने का मतलब है अपना डेटा किसी तीसरे पक्ष के भरोसे छोड़ना: एक रिमोट सर्वर जो आपके कंट्रोल से बाहर है, ऐसी कंपनी चलाती है जिसका मालिकाना या नीतियां बदल सकती हैं, और जिसके इंफ्रास्ट्रक्चर को समन भेजा जा सकता है या जिसमें लीक हो सकती है।
शुरु-से-आखिर तक एन्क्रिप्शन इसका हल है। आपकी फाइलें डिवाइस से निकलने से पहले ही एन्क्रिप्ट हो जाती हैं। अगर क्लाउड सर्वर लीक हो जाए, तो उस पर हमलावर, प्रोवाइडर या आपकी डीक्रिप्शन कुंजी के बिना किसी के लिए भी पढ़ने लायक कुछ नहीं होता।
Proton Drive डिफॉल्ट रूप से शुरु-से-आखिर तक एन्क्रिप्शन इस्तेमाल करता है—डेस्कटॉप ऐप, मोबाइल ऐप और CLI से अपलोड होने वाली हर चीज़ के लिए। आपका एन्क्रिप्ट किया हुआ ऑफसाइट बैकअप उसी zero-access आर्किटेक्चर से सुरक्षित है जो Proton ने Proton Mail के लिए बनाया, सख्त स्विस प्राइवेसी कानूनों के तहत।
Proton Drive CLI को समझना: एटॉमिक स्क्रिप्टिंग vs बैकग्राउंड सिंक
CLI डेस्कटॉप सिंक ऐप से अलग तरीके से काम करता है:
डेस्कटॉप और मोबाइल ऐप (सिंक इंजन) बैकग्राउंड में लगातार चलते रहते हैं। ये फाइल में हुए बदलावों पर नज़र रखते हैं और हर जोड़, एडिट और डिलीट क्लाउड पर कॉपी कर देते हैं।
Proton Drive CLI (एटॉमिक एक्ज़ीक्यूशन इंजन) एक ही कमांड चलाता है, जैसे upload, download या list, और फिर बंद हो जाता है। यह लोकल फोल्डर पर नज़र नहीं रखता और बैकग्राउंड में नहीं चलता।
सुरक्षा और बैकअप के लिए एटॉमिक CLI क्यों सही है
लगातार चलने वाला सिंक डेमन आपके डेटा की हूबहू कॉपी बनाता रहता है, इसलिए यह 3-2-1 की कसौटी पर खरा नहीं उतरता। अगर कोई फाइल लोकल स्तर पर मिटा दी जाए—गलती से, किसी स्क्रिप्ट की गड़बड़ी से या रैनसमवेयर से—तो वह डिलीट तुरंत क्लाउड तक पहुंच जाता है। और अगर डेमन चलते समय कोई हमलावर आपके सिस्टम में घुस जाए, तो वह उसके एक्टिव सत्र टोकन पढ़ सकता है।
CLI इसका हल समय-समय पर शेड्यूल किए गए बैकअप से निकालता है। इसे चलाया जाता है, यह काम करता है, रुक जाता है, और पीछे एक सुरक्षित point-in-time रिकवरी स्नैपशॉट छोड़ जाता है, जिस पर फाइल गलती से मिट जाने या लोकल स्तर पर खराब हो जाने पर वापस लौटा जा सकता है।
ध्यान दें: CLI अपने आप में पूरा बैकअप समाधान नहीं है। क्या बैकअप करना है, कितनी बार, कितने वर्ज़न रखने हैं और रीस्टोर कैसे टेस्ट करने हैं—यह तय करना अब भी आपका काम है।
कॉन्फ्लिक्ट स्ट्रैटेजी इंक्रीमेंटल बैकअप कैसे मैनेज करती हैं
डिज़ाइन के मुताबिक, बैंडविड्थ बचाने के लिए CLI बिना बदले हुए एक जैसे फाइलों को अपने आप स्किप कर देता है। लेकिन जब कोई फाइल लोकल स्तर पर बदल चुकी हो, तो कॉन्फ्लिक्ट स्ट्रैटेजी के ज़रिए CLI को बताना होता है कि उसे कैसे हैंडल करना है।
बैकअप के लिए skip इस्तेमाल करने से बचें। यह डुप्लिकेट काम भले रोक दे, लेकिन बदली हुई फाइलों को पूरी तरह नज़रअंदाज़ कर देगा। इसके बजाय वह स्ट्रैटेजी चुनें जो आपकी रिटेंशन ज़रूरतों से मेल खाती हो:
--file-conflict-strategy create-new-revision (बैकअप के लिए सुझाया गया) बदली हुई फाइल को नए वर्ज़न के तौर पर अपलोड करता है और उसका इतिहास बनाए रखता है। कितने वर्ज़न रखे जाएंगे, यह आपके प्लान पर निर्भर करता है, और वर्ज़न स्टोरेज घेरते हैं।
--file-conflict-strategy rename बदली हुई फाइल के नाम में सफिक्स जोड़ता है और दोनों कॉपी रखता है।
--file-conflict-strategy replace पुरानी फाइल पर नई फाइल लिख देता है। पुराना वर्ज़न चला जाता है।
--file-conflict-strategy skip क्लाउड में पहले से मौजूद हर फाइल को नज़रअंदाज़ कर देता है, इसलिए बदलाव कभी सेव नहीं होते (बैकअप के लिए सुझाया नहीं गया)।
इंक्रीमेंटल अपलोड कमांड का उदाहरण:
proton-drive filesystem upload ./my-local-data /my-files/Backups/Daily \
--folder-conflict-strategy merge --file-conflict-strategy create-new-revision
ऑटोमेटेड एन्क्रिप्ट किया हुआ बैकअप सेटअप करना: स्टेप-बाय-स्टेप गाइड
आपको क्या चाहिए:
- एक Proton खाता—फ्री या पेड; स्टोरेज सीमाएं लागू होंगी
- आपके प्लेटफ़ॉर्म के लिए Proton Drive CLI बाइनरी—Linux, macOS या Windows
- एक शेल एनवायरनमेंट—Terminal, Bash, Sh, PowerShell
- ऑटोमेटेड रन के लिए टास्क शेड्यूलर: cron (Linux/macOS) या Task Scheduler (Windows)
स्टेप 1: साइन-इन करें और मैन्युअल टेस्ट चलाएं
ऑटोमेशन सेटअप करने से पहले, अपने डिवाइस को इंटरैक्टिव तरीके से ऑथेंटिकेट करें:
proton-drive auth login
हेडलेस ऑथेंटिकेशन कैसे काम करता है: जब ब्राउज़र रहित सर्वर पर, जैसे रिमोट VPS या घर के Linux नोड पर, auth login चलाया जाता है, तो CLI एक साइन-इन URL दिखाता है। उसे किसी भी ऐसे डिवाइस पर खोलें जिसमें ब्राउज़र हो—अपने लैपटॉप या फोन पर—और साइन-इन पूरा करें। इसके बाद सर्वर साइन-इन हो जाता है।
हेडलेस सर्वर / cron के लिए टिप: cron से चलने वाले हेडलेस और ऑटोमेटेड सिस्टम के लिए यह सुझाया जाता है कि pass को अपने प्रमाण स्टोर के तौर पर इस्तेमाल करें। इसे इस एनवायरनमेंट वेरिएबल से सेट करें:export PROTON_DRIVE_CREDENTIALS_STORE="pass")। सामान्य OS कीरिंग (libsecret / GNOME Keyring) चालू GUI डेस्कटॉप सत्रों पर निर्भर करती हैं, जो cron जॉब्स के पास नहीं होते। pass सेटअप करने से D-Bus सत्र की समस्याएं टल जाती हैं।
स्टेप 2: बैकअप स्क्रिप्ट लिखें
एक शेल स्क्रिप्ट बनाएं, जैसे backup.sh, जो आपके सोर्स रास्ते तय करती हो, कीरिंग हैंडल करती हो और अपलोड चलाती हो:
#!/usr/bin/env bash
set -euo pipefail
# Define variables
LOCAL_DIR="/var/backups/data"
REMOTE_DIR="/my-files/AutomatedBackups"
export PROTON_DRIVE_CREDENTIALS_STORE="pass"
# Execute idempotent upload
proton-drive filesystem upload "$LOCAL_DIR" "$REMOTE_DIR" \
--folder-conflict-strategy merge \
--file-conflict-strategy create-new-revision \
--json > /var/log/proton-backup-$(date +%Y%m%d-%H%M%S).json
echo "Backup completed successfully at $(date)"
स्टेप 3: cron या systemd टाइमर से बैकअप शेड्यूल करें
cron से इस बैकअप को रोज़ रात 2:00 बजे चलाने के लिए :
- अपना crontab एडिटर खोलें और यह जोड़ें:
crontab -e
- शेड्यूल किए गए रन की एंट्री जोड़ें:
0 2 * * * /usr/local/bin/backup.sh >> /var/log/proton-backup.log 2>&1
ऑटोमेटेड ऑफसाइट बैकअप के लिए बेस्ट प्रैक्टिसेज़
काम करने वाली स्क्रिप्ट तो बस शुरुआत है। ये तीन आदतें आपके ऑफसाइट बैकअप को पूरा, मॉनिटर करने में आसान और आपकी स्टोरेज लिमिट के भीतर बनाए रखती हैं।
अपनी रिकवरी टेस्ट करें: जिस बैकअप को रीस्टोर न किया जा सके, वह बैकअप न होने के बराबर है। proton-drive filesystem download पर बनी एक रीस्टोर स्क्रिप्ट तैयार रखें और उसे नियमित रूप से टेस्ट करें, ताकि कोई घटना होने पर वह काम करे।
मशीन-रीडेबल फॉर्मेट में लॉग करें: स्ट्रक्चर्ड JSON लॉग निकालने के लिए अपनी स्क्रिप्ट में --json जोड़ें। इसके बाद jq से जॉब स्टेटस पार्स किया जा सकता है या बैकअप फेल होने पर वेबहुक ट्रिगर किया जा सकता है।
फेयर यूज़ का ध्यान रखें: हर 60 सेकेंड जैसे हाई-फ्रीक्वेंसी अपलोड शेड्यूल न करें। ऑफसाइट बैकअप के लिए रोज़ाना या साप्ताहिक शेड्यूल काफी है।
आपका ऑफसाइट बैकअप, एन्क्रिप्ट किया हुआ और ऑटोमेटेड
आपके बैकअप उतने ही सुरक्षित रहते हैं, जितनी सुरक्षित वह जगह होती है जहां उन्हें भेजा जाता है। Proton Drive CLI की मदद से हर रात का जॉब एक एन्क्रिप्टेड ऑफसाइट बैकअप भेजता है, जिसे आपके अलावा कोई नहीं पढ़ सकता। न हमलावर, न आपका होस्टिंग प्रोवाइडर, न Proton।
इसमें शुरु-से-आखिर तक एन्क्रिप्शन, स्विस प्राइवेसी कानून की कानूनी सुरक्षा और ओपन-सोर्स कोड मिलता है, जिसका स्वतंत्र रूप से ऑडिट हो चुका है। साथ ही आपके पास अपने बैकअप पाइपलाइन का पूरा कंट्रोल रहता है: क्या चलता है, कब चलता है और हर वर्ज़न कितनी देर तक रहता है।
सेटअप में बस कुछ मिनट लगते हैं। Linux, macOS या Windows के लिए CLI डाउनलोड करें, अपना पहला मैनुअल बैकअप चलाएं, फिर उसे शेड्यूल करें और उसके बारे में सोचना बंद कर दें।






