Windows Recall, Windows 11 में Microsoft की डाली गई सबसे विवादित खासियतों में से एक है। ये डिवाइस पे ही चलने वाली AI का इस्तेमाल करके आपके कंप्यूटर पे आपके देखी या की गई हर चीज़ की एक खोजने लायक टाइमलाइन बनाता है, जो — कंपनी के मुताबिक — भूले हुए डाटा को दोबारा ढूंढने और प्रोडक्टिविटी बढ़ाने में आपकी मदद करनी चाहिए।
Microsoft ने Recall को पहली बार जून 2024 में एक प्रीव्यू के तौर पे पेश किया था, जो उपयोगकर्ताओं को डिफॉल्ट रूप से शामिल कर लेता था और जिसे हटाया नहीं जा सकता था। इससे भी बुरी बात, ये स्क्रीनशॉट और उनके कंटेंट को बिना एन्क्रिप्शन के, प्लेनटेक्स्ट फॉर्मैट में स्टोर करता था (जिसमें पासवर्ड और दूसरी संवेदनशील जानकारी शामिल थी), जिससे वो संभावित हमलों के लिए उजागर रहते थे।
सार्वजनिक विरोध और सुरक्षा चेतावनियों के बाद, Microsoft ने ये खासियत वापस ले ली(नई विंडो), और फिर अप्रैल 2025 में Windows Insider टेस्टर्स के लिए एक अपडेट हुआ वर्ज़न जारी किया। नए बिल्ड में एन्क्रिप्शन, बायोमेट्रिक सत्यापन, और ज़्यादा साफ निजता कंट्रोल जोड़े गए, और अब इसे धीरे-धीरे एक ऑप्शनल Windows 11 सिस्टम अपडेट(नई विंडो) के तौर पे रोल आउट किया जा रहा है।
लेकिन कुछ निजता और सुरक्षा की चिंताएं अब भी बाकी हैं। यहां जानिए ये AI से चलने वाली खासियत कैसे काम करती है, घर या दफ्तर में ये कौन से जोखिम पैदा करती है, और अगर आप नहीं चाहते कि आपका कंप्यूटर आपके किए हर काम को याद रखे, तो Windows Recall को कैसे अक्षम करें।
- Windows 11 पे Microsoft Recall को अक्षम कैसे करें
- Windows Recall क्या है?
- कैसे चेक करें कि आपके पास Microsoft Recall है या नहीं
- Windows Recall कैसे काम करता है?
- Windows Recall इस्तेमाल करने के निजता जोखिम क्या हैं?
- अपने डाटा का मालिक बनें
Windows 11 पे Microsoft Recall को अक्षम कैसे करें
अगर आप नहीं चाहते कि ये Microsoft AI टूल चुपचाप आपकी स्क्रीन रिकॉर्ड करता रहे, तो आप Microsoft Recall को अक्षम कर सकते हैं या उसे अपने Windows 11 PC से हटा सकते हैं:
Recall स्नैपशॉट को ठहरें या रोकें (व्यक्तिगत उपयोगकर्ताओं के लिए)
सेटिंग → निजता और सुरक्षा → Recall और स्नैपशॉट में जाएं और स्नैपशॉट सेव करें को ऑफ कर दें।
Recall अब नए स्क्रीनशॉट नहीं लेगा, लेकिन मौजूदा स्क्रीनशॉट लोकल स्टोर रहेंगे। उन्हें हटाने के लिए, स्नैपशॉट मिटा दें चुनें।
Recall को Windows की खासियत के तौर पे हटाएं (व्यक्तिगत उपयोगकर्ताओं के लिए)
- Windows Search खोलें और Windows features टाइप करें।
- Turn Windows features on or off चुनें।
- Recall ढूंढें और उसका टिक हटा दें।
आपके स्नैपशॉट आपके कंप्यूटर से अपने आप मिटा दिए जाएंगे।
संगठनों के लिए
मैनेज किए गए एनवायरनमेंट(नई विंडो) में, IT एडमिनिस्ट्रेटर पूरे सिस्टम पे Recall को अक्षम कर सकते हैं:
- Local Group Policy Editor (gpedit.msc) खोलें।
- उपयोगकर्ता संरचना → एडमिनिस्ट्रेटिव टेंपलेट → Windows कंपोनेंट → Windows AI में जाएं।
- Allow Recall to be enabled पे डबल-क्लिक करें और Disabled चुनें।
Windows Recall क्या है?
Windows Recall एक AI से चलने वाला टूल है, जिसकी मदद से आप अपने कंप्यूटर पे देखी या की गई चीज़ें खोज सकते हैं — जैसे कोई फ़ाइल जो आपने खोली, कोई वेबसाइट जिसपे आप गए, या कोई ऐप जो आपने इस्तेमाल किया। इसका मकसद है आपके वर्कफ़्लो की एक फोटोग्राफिक मेमोरी बनाना, जिसे आप याद की गई चीज़ों के ज़रिए खोज सकते हैं, जैसे “टैक्स फॉर्म”, “मेरे बैंक का ईमेल”, या “मेरे बच्चे से आखिरी बातचीत”।
ये टूल समय-समय पे आपकी पूरी स्क्रीन के स्नैपशॉट लेता है, और हर बार नया कंटेंट कैप्चर करता है जब आप विंडो बदलते हैं या कोई नया ऐप खोलते हैं। ये स्क्रीनशॉट आपके डिवाइस पे लोकल स्टोर किए जाते हैं, जिससे आपकी गतिविधि की एक खोजने लायक टाइमलाइन बनती है। आप उसमें स्क्रॉल कर सकते हैं या किसी चीज़ को ढूंढने के लिए नैचुरल लैंग्वेज इस्तेमाल कर सकते हैं — किसी ऐसी AI से बात करने जैसा जो आपकी बातचीत याद रखती है।
कैसे चेक करें कि आपके पास Microsoft Recall है या नहीं
ये चेक करने के लिए कि Recall आपके कंप्यूटर पे उपलब्ध है या नहीं, सेटिंग → निजता और सुरक्षा खोलें और Recall और स्नैपशॉट विकल्प ढूंढें।
आप Microsoft की आधिकारिक Recall ज़रूरतों की पुष्टि(नई विंडो) भी कर सकते हैं। अगर आपका कंप्यूटर उन्हें पूरा करता है लेकिन Recall नहीं दिख रहा है, तो सेटिंग → Windows Update → ऑप्शनल अपडेट चेक करें, क्योंकि Microsoft इसे धीरे-धीरे एक ऑप्शनल Windows 11 अपडेट के तौर पे रोल आउट कर रहा है। अगर आप इसे इस्तेमाल नहीं करना चाहते, तो ऐसे अपडेट छोड़ दें जिनकी जानकारी में Recall का ज़िक्र हो।
Windows Recall सिर्फ Copilot+ PC पे चलता है — ये Microsoft की अभी की हाई-एंड लैपटॉप जनरेशन है, जिनमें न्यूरल प्रोसेसिंग यूनिट (NPU) होते हैं जो मुश्किल AI काम संभालते हैं। लेकिन मुसीबत ये है कि इसे लगभग कोई नहीं रखता। 2025 की शुरुआत में बिकी सारी Windows लैपटॉप में Copilot+ PC 2% से कम थे(नई विंडो) — यानी Microsoft का AI कंप्यूटर की तरफ बढ़ा कदम अब तक लोगों को आकर्षित नहीं कर पाया।
Windows Recall कैसे काम करता है?
Recall, Windows में बने छोटे, लोकल चलने वाले AI मॉडल पे निर्भर करता है — Copilot, ChatGPT, या Microsoft के क्लाउड सर्विसेज़ पे नहीं। ये OCR (जो आपके स्क्रीनशॉट के टेक्स्ट को खोजने लायक शब्दों में बदलता है) को सिमैंटिक इंडेक्सिंग (वही AI खासियत जो Windows 11 Search को बेहतर बनाती है) और डिस्क पर मौजूद वेक्टर डेटाबेस (जानकारी को सिर्फ कीवर्ड की बजाय मतलब के हिसाब से व्यवस्थित करने के लिए) के साथ जोड़ता है।
आसान शब्दों में, आपका कंप्यूटर आपके देखी गई चीज़ों की अपनी एक निजी मेमोरी बनाता है, ताकि आप बाद में उससे नैचुरल भाषा में सवाल पूछ सकें — वैसे ही जैसे आप Google Photos से कहते हैं कि वो आपकी किसी ट्रिप में कैप्चर की गई सब चीज़ें दिखाए।
Windows Recall इस्तेमाल करने के निजता जोखिम क्या हैं?
Recall के आपके Copilot+ PC पे काम करने के लिए, Microsoft को आपसे BitLocker (जो आपके स्नैपशॉट डेटाबेस को एन्क्रिप्ट करता है) और Windows Hello Enhanced Sign-in Security (ESS) को सक्षम करवाना ज़रूरी है, जो आपसे Recall खोलने या आपके स्क्रीनशॉट को एक्सेस करने से पहले कम से कम एक तरह के बायोमेट्रिक डाटा (चेहरा या फिंगरप्रिंट) से सत्यापन करवाता है।
सीधे कहें तो, BitLocker आपका डाटा स्टोर रहने के दौरान सुरक्षित रखता है, और ESS ये सुनिश्चित करता है कि सिर्फ अधिकृत उपयोगकर्ता ही उसे अनलॉक कर सकें। सुनने में ये सुरक्षा की मज़बूत नींव जैसा लगता है, लेकिन इससे उन बड़े निजता सवालों को मिटाया नहीं जा सकता कि आखिर ये शुरू से क्या रिकॉर्ड करता है।
यहां वो वजहें हैं जिनसे Windows Recall अब भी चिंता पैदा करता है:
संवेदनशील डाटा और ऐसा डाटा जो आपका नहीं है
Microsoft कहता है कि Recall संवेदनशील जानकारी — जैसे क्रेडिट कार्ड नंबर, सरकारी ID, और पासवर्ड — अपने आप फिल्टर कर लेता है, ताकि वो स्नैपशॉट में न दिखें। ये फिल्टर डिफॉल्ट रूप से चालू रहता है (हालांकि इसे बंद किया जा सकता है), और Microsoft ने उन डाटा टाइप(नई विंडो) की एक लिस्ट पब्लिश की है जिन्हें ये बाहर रखने के लिए बनाया गया है। लेकिन वो लिस्ट काफी सीमित है, और इंडिपेंडेंट टेस्ट(नई विंडो) ने दिखाया है कि ये हर चीज़ पकड़ नहीं पाता।
आपकी स्क्रीन पे जो भी दिख रहा हो, वो कैप्चर हो सकता है, जिसमें वो जानकारी भी शामिल है जिसे Microsoft “संवेदनशील” नहीं मानता, लेकिन जो फिर भी निजी जानकारी उजागर कर सकती है — जैसे आपके बच्चे का नाम, उसका स्कूल, आपके घर का पता, या आपकी जन्मतिथि।
आप कुछ ऐप और वेबसाइट को Recall से मैन्युअली बाहर रख सकते हैं, लेकिन इसके लिए लगातार निगरानी चाहिए — जिसके लिए ज़्यादातर लोगों के पास समय या ऊर्जा नहीं होती। और तब भी, आप कंट्रोल नहीं कर सकते कि दूसरे लोग निजी बातचीत में आपके साथ क्या शेयर करें — Signal, Brave, और AdGuard ने उपयोगकर्ता डाटा को Recall से बचाने के कदम उठाए हैं(नई विंडो)।
यहीं समस्या और गहरी हो जाती है। Recall दूसरों का डाटा भी कैप्चर कर सकता है, हालांकि उन्होंने कभी रिकॉर्ड होने की सहमति नहीं दी। मिसाल के तौर पे, किसी दोस्त के साथ WhatsApp चैट या किसी क्लाइंट का NDA आपके Recall डेटाबेस में इंडेक्स हो सकता है।
उपयोगकर्ता के भरोसे से Microsoft का मुश्किल रिश्ता
कंपनी कहती है कि Recall आपके स्क्रीनशॉट और उनसे जुड़ा डाटा — जिसमें उनके अंदर का कंटेंट और आपकी खोज क्वेरी शामिल हैं — Microsoft या उसके पार्टनर्स के साथ शेयर नहीं करता(नई विंडो)। Microsoft का बड़ा निजता बयान(नई विंडो) अब भी कंपनी को डाटा का इस्तेमाल प्रोडक्ट सुधारने और विकसित करने के लिए (जिसमें AI ट्रेन करना भी शामिल है) और उस डाटा को टारगेटेड विज्ञापनों के लिए पार्टनर्स के साथ शेयर करने की इजाज़त देता है। हालांकि ये सीधे तौर पे Recall पर लागू नहीं होता, नीतियां अक्सर बदलती रहती हैं, और Microsoft के इतिहास से ज़्यादा भरोसा नहीं होता। यहां कुछ मिसालें दी गई हैं:
- Outlook (Microsoft की ईमेल सर्विस) एक डाटा-कलेक्शन प्लैटफॉर्म बन चुका है, जो आपकी जानकारी सैकड़ों थर्ड पार्टी के साथ शेयर करता है, जिनमें विज्ञापनदाता और एनालिटिक्स कंपनियां शामिल हैं।
- Microsoft की LinkedIn डिफॉल्ट रूप से आपका पब्लिक डाटा AI मॉडल ट्रेन करने के लिए इस्तेमाल करती है। आप ऑप्ट आउट कर सकते हैं, लेकिन जब दूसरे LinkedIn उपयोगकर्ता आपका डाटा शेयर या अपलोड करते हैं, तो आपकी जानकारी अप्रत्यक्ष रूप से भी प्रोसेस हो सकती है।
- ऑस्ट्रिया के डाटा सुरक्षा प्राधिकरण ने पाया कि Microsoft ने Microsoft 365 Education के ज़रिए छात्रों को गैरकानूनी तौर पे ट्रैक किया(नई विंडो), जिससे बच्चों के लिए EU के निजता नियमों का उल्लंघन हुआ।
- Gaming Copilot (Windows गेमिंग के लिए Microsoft का नया AI असिस्टेंट) ये समझने के लिए स्क्रीनशॉट लेता है कि गेम में क्या चल रहा है और टिप्स देने के लिए — वैसे ही जैसे Recall आपका डेस्कटॉप इंडेक्स करता है। कंपनी कहती है कि वो AI मॉडल ट्रेन करने के लिए Gaming Copilot के स्नैपशॉट इस्तेमाल नहीं करता(नई विंडो), लेकिन दूसरा डाटा — जैसे आपके वॉइस कमांड और गेम के अंदर की इंटरैक्शन — खुला है। ये भी साफ नहीं है कि वो स्क्रीनशॉट लोकल प्रोसेस होते हैं या किसी एक्सटर्नल सर्वर को भेजे जाते हैं। आप Gaming Copilot को बंद कर सकते हैं, लेकिन उसे अनइंस्टॉल नहीं कर सकते।
US क्षेत्राधिकार और बिना वारंट एक्सेस
Microsoft अमेरिका में स्थित है, जिसका मतलब है कि उसे उन कानूनों का सम्मान करना होगा जो सरकारी एजेंसियों को आपका डाटा मांगने या इंटरसेप्ट करने की इजाज़त देते हैं — अक्सर बिना वारंट — चाहे आप अमेरिका के बाहर रहते हों। कंपनी ने खुद इस बात को माना(नई विंडो) है।
चाहे Recall डाटा आपके डिवाइस पे ही रहे, Microsoft का इंफ्रास्ट्रक्चर — Windows खाते, टेलीमेट्री, सत्यापन सिस्टम — कंपनी को आपके कंप्यूटर में एक तकनीकी और कानूनी पैठ फिर भी देता है। अगर अमेरिकी सरकार आपका Recall डाटा एक्सेस करना चाहे, तो वो Microsoft को कानूनी तौर पे सहयोग करने के लिए मजबूर कर सकती है।
अस्पष्ट नियामक स्थिति
अभी ऐसा कोई सार्वजनिक बयान मौजूद नहीं है जो पुष्टि करता हो कि Microsoft की Recall खासियत EU के GDPR जैसे बड़े निजता नियमों का पालन करती है — और ये बात गौर करने लायक है, क्योंकि वो नियम निजी डाटा को कलेक्ट, प्रोसेस, और स्टोर करने के मामले में कितने सख्त हैं। इस स्पष्टता के बिना, Windows Recall इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति और संगठन कानूनी ज़िम्मेदारी में फंस सकते हैं।
मिसाल के तौर पे, दफ्तर में एक बार Recall सक्षम हो जाए, तो कर्मचारी की कंप्यूटर स्क्रीन पे जो भी दिखे, वो अपने आप कैप्चर और इंडेक्स हो जाता है — जिसमें इंटरनल ईमेल, फाइनैंशियल डैशबोर्ड, HR पोर्टल, और गोपनीय डॉक्यूमेंट शामिल हैं। कानून, फाइनैंस, या हेल्थकेयर जैसे रेगुलेटेड सेक्टरों के लिए, ये गोपनीयता के नियमों, डाटा मिनिमाइज़ेशन के सिद्धांतों, और इंसिडेंट रिपोर्ट करने के तरीके से टकरा सकता है।
मई 2024(नई विंडो) में, UK के Information Commissioner’s Office (ICO) ने कहा था कि वो Recall में बनी निजता सुरक्षा का आकलन करने के लिए “Microsoft के साथ पूछताछ कर रहा है”।
दफ्तर में सहमति का मामला उलझ जाता है
संगठनों के अंदर, IT एडमिनिस्ट्रेटर सिस्टम लेवल पे Recall को सक्षम कर सकते हैं, लेकिन इसे अपने कंप्यूटर पे सिर्फ एंड उपयोगकर्ता ही चालू कर सकते हैं, क्योंकि ये खासियत डिफॉल्ट रूप से बंद रहती है और हर डिवाइस पे साफ सहमति ज़रूरी होती है। लेकिन असल में, वो सहमति हमेशा वाकई स्वैच्छिक नहीं हो सकती: कई दफ्तरों में नियोक्ता का वर्चस्व होता है, और कर्मचारियों को दबाव महसूस हो सकता है(नई विंडो) कि वो कंपनी की धकेली हुई खासियतें सक्षम कर दें।
अगर आपकी कंपनी कोई कॉर्पोरेट जांच(नई विंडो) शुरू करे (मिसाल के तौर पे, किसी इनसाइडर खतरे या डाटा लीक का पता लगाने के लिए), तो IT या लीगल टीम को कई डिवाइस से Recall डाटा देखने की ज़रूरत पड़ सकती है। और अगर आपने कभी अपने दफ्तरी कंप्यूटर का इस्तेमाल किसी निजी काम के लिए किया हो — जैसे परिवार से बातचीत, अपना प्राइवेट ईमेल चेक करना, या कोई मेडिकल रिपोर्ट पढ़ना — तो आपकी निजी ज़िंदगी के कुछ हिस्से अचानक दफ्तर के लोगों को दिख सकते हैं।
अपने डाटा का मालिक बनें
Windows Recall को सुविधा देने वाला टूल कहा जा सकता है, लेकिन इससे गहरा सवाल पैदा होता है कि आपकी डिजिटल मेमोरी पे काबू किसका है: आपका या आपके ऑपरेटिंग सिस्टम के पीछे की कंपनी का। Microsoft के इरादे अभी नेक हो सकते हैं, लेकिन उसका इतिहास और OpenAI (ChatGPT बनाने वाली कंपनी) में अरबों डॉलर के निवेश दिखाते हैं कि “मददगार” खासियतें कितनी जल्दी निगरानी और मुनाफ़े के टूल बन सकती हैं।
Proton में हम उल्टा रास्ता अपनाते हैं: आपका डाटा शुरु-से-अंत तक एन्क्रिप्शन से सुरक्षित रखते हैं, ताकि हम भी उसे एक्सेस न कर सकें। हम आपकी जानकारी को कभी ऐसे स्टोर नहीं करते कि उसे पढ़ा जा सके, उसे AI मॉडल ट्रेन करने में इस्तेमाल नहीं करते, और उसे किसी के साथ शेयर नहीं करते।
हमारे ऐप ओपन सोर्स हैं और इंडिपेंडेंट ऑडिट होते हैं, और सख्त स्विस निजता कानूनों की सुरक्षा में बनाए जाते हैं। और बढ़ती Eurostack तहरीक के हिस्से के तौर पे, हम ऐसी टेक्नोलॉजी बनाने के लिए कमिटेड हैं जो यूरोप का डाटा यूरोप में ही रखे: निजी, सुरक्षित, और Big Tech और विदेशी निगरानी की पहुंच से बाहर।
अगर आपके लिए निजता मायने रखती है, तो Windows Recall का दरवाज़ा खोलने से पहले दो बार सोचें और ऐसे टूल चुनें जो भूलने के लिए बने हों — न कि आपके किए हर काम को याद रखने के लिए।






