हमारी क्रिप्टोग्राफी टीम के सालों के रिसर्च के बाद, अब आप Proton Mail में सेफ और ऑटोमैटिक ईमेल फॉरवर्डिंग सेटअप कर सकते हैं। कोई भी दूसरी बड़े पैमाने की ईमेल सर्विस ऐसी बेहतरीन ईमेल फॉरवर्डिंग खासियत नहीं देती जो शुरु-से-अंत तक एन्क्रिप्शन बनाए रखे।
ये हमारे प्रोफेशनल और बिज़नेस खातों की सबसे ज़्यादा मांगी गई खासियतों में से एक है, इसलिए आज हम paid Proton Mail सदस्यता वाले सबके लिए ईमेल फॉरवर्डिंग लॉन्च कर रहे हैं.
ईमेल फॉरवर्डिंग से आप आने वाली मेल किसी भी दूसरे ईमेल पते पे ऑटोमैटिक भेज सकते हैं। Proton Mail ईमेल पतों पे फॉरवर्ड करने पे संदेश शुरु-से-अंत तक एन्क्रिप्ट किए जाते हैं, यानी कोई भी (Proton समेत) आपके संदेशों की सामग्री नहीं देख सकता। लेकिन आप बाहरी पतों पे भी फॉरवर्डिंग सेटअप कर सकते हैं, जिनमें CRM और ग्राहक सहायता सॉफ्टवेयर शामिल हैं। इस साल शुरुआत में लॉन्च हुई SMTP submission के साथ, अब संगठन Proton Mail को ईमेल भेजने और पाने दोनों के लिए तीसरें-पार्टी सर्विसेज़ के साथ पूरी तरह इंटीग्रेट कर सकते हैं।
ईमेल फॉरवर्डिंग के साथ शुरुआत करें
आप अपनी Proton Mail सेटिंग में फॉरवर्डिंग और ऑटोमैटिक-जवाब सेक्शन से फॉरवर्डिंग रूल बना और संभाल सकते हैं।

फॉरवर्डिंग रूल बनाने के लिए बस वो ईमेल पते दर्ज करें जिनसे और जिनपे आप फॉरवर्ड करना चाहते हैं.
आप और ज़्यादा खास फॉरवर्डिंग रूल भी जोड़ सकते हैं ताकि सिर्फ कुछ खास ईमेल विषय, भेजने वाले या अटैचमेंट के आधार पे फॉरवर्ड हों. ऐसी शर्तें जोड़ना ऑप्शनल है.
रूल जोड़ने के बाद, हम उस पते पे सत्यापन ईमेल भेजेंगे जिसपे आप फॉरवर्ड कर रहे हैं। प्राप्तकर्ता के सत्यापन करने के बाद, आप तैयार हैं।
ज़्यादा विस्तृत निर्देशों के लिए आप हमारा सहायता आर्टिकल देख सकते हैं।
ईमेल फॉरवर्डिंग आपके वर्कफ्लो को कैसे बेहतर बना सकती है
ईमेल फॉरवर्डिंग से अपने सहकर्मियों के साथ मिलकर काम करना और जानकारी शेयर करना आसान हो जाता है। इससे आप Proton Mail को Zendesk जैसे तीसरें-पार्टी प्लैटफॉर्म और दूसरे ग्राहक संबंध प्रबंधन (CRM) सॉफ्टवेयर के साथ भी इंटीग्रेट कर सकते हैं।
ईमेल को संबंधित टीम मेंबर्स को फॉरवर्ड करें
संगठनों के पास अक्सर भूमिका के हिसाब से ईमेल पते होते हैं, जैसे hisaab@aapkadomain.in जैसा अकाउंटिंग मेलबॉक्स। वेंडर और दूसरी टीमें अलग-अलग टीम मेंबर्स को ईमेल करने की जगह इनवॉइस अकाउंटिंग मेलबॉक्स पे भेजते हैं। इसका नुकसान ये है कि कई टीम मेंबर्स को उस खास इंबॉक्स को चेक करना पड़ सकता है।
ईमेल फॉरवर्डिंग से आप अकाउंटिंग को भेजे गए ईमेल ऑटोमैटिक सही टीम मेंबर्स को फॉरवर्ड कर सकते हैं। आप शर्त वाले फ़िल्टर भी लागू कर सकते हैं। उदाहरण के लिए, अगर किसी खास वेंडर को हैंडल करना सिर्फ एक टीम मेंबर की जिम्मेदारी है, तो आप उस वेंडर के सारे ईमेल सिर्फ उसी टीम मेंबर को फॉरवर्ड कर सकते हैं।
टीम मेंबर्स के छुट्टी पे होने पे भी आप फॉरवर्डिंग इस्तेमाल कर सकते हैं। हमारी ऑटोमैटिक-जवाब खासियत के इस्तेमाल के अलावा, टीम मेंबर्स एक फॉरवर्डिंग रूल जोड़ कर ज़रूरी या अहम ईमेल अपने मैनेजर या सहकर्मियों को फॉरवर्ड कर सकते हैं।

CRM और दूसरी एंटरप्राइज़ एप्लीकेशन के साथ इंटीग्रेशन
आप सेल्स पाइपलाइन या सहायता टिकट संभालने के लिए CRM सॉफ्टवेयर इस्तेमाल कर सकते हैं। Proton Mail की SMTP submission खासियत पहले से आपके CRM को Proton Mail से ईमेल भेजने देती है। अब ईमेल फॉरवर्डिंग से आप Proton Mail को ईमेल भेजने और पाने के लिए तीसरें-पार्टी सर्विसेज़ के साथ पूरी तरह इंटीग्रेट कर सकते हैं।
आप Proton Mail में किसी संपर्क पते से अपने CRM तक फॉरवर्डिंग रूल सेटअप कर सकते हैं ताकि सही टिकट या रिक्वेस्ट बने।

दुनिया की पहली बड़े पैमाने की ईमेल फॉरवर्डिंग जो शुरु-से-अंत तक एन्क्रिप्शन बनाए रखती है
Proton Mail खातों के बीच भेजे गए संदेश हमेशा डिफॉल्ट रूप से शुरु-से-अंत तक एन्क्रिप्टेड होते हैं. लेकिन दूसरे Proton उपयोगकर्ताओं को फॉरवर्ड किए गए संदेशों के लिए शुरु-से-अंत तक एन्क्रिप्शन बनाए रखना एक तकनीकी चुनौती थी. हमें सर्वर को सामग्री तक एक्सेस दिए बिना, अलग-अलग प्राप्तकर्ताओं के लिए संदेश दोबारा एन्क्रिप्ट करने थे. हमारे क्रिप्टोग्राफी इंजीनियरों ने प्रॉक्सी री-एन्क्रिप्शन नाम के तरीके से ये मुमकिन बनाया है.

ऊपर के चित्र में Alice, Bob और Charles सब Proton Mail इस्तेमाल करते हैं। Alice, Bob को ईमेल भेजती है। फिर Bob उन ईमेल को Charles को फॉरवर्ड करना चाहता है जो उसे मिलते हैं। इसके लिए Charles को वो ईमेल डीक्रिप्ट करने होंगे, जिन्हें Alice ने शुरू में Bob की सार्वजनिक चाबी से एन्क्रिप्ट किया था।
Bob दो खास गोपनीय एलिमेंट बनाता है:
- एक नई निजी चाबी जिसका इस्तेमाल फॉरवर्ड किए गए ईमेल डीक्रिप्ट करने में होगा। इसे शुरु-से-अंत तक एन्क्रिप्शन के ज़रिए Charles को भेजा जाता है।
- एक proxy factor जिसे TLS के इस्तेमाल से Proton सर्वर पे अपलोड किया जाता है
ये proxy factor (एक बहुत बड़ा पूर्णांक) Proton को ये क्षमता देता है कि वो Bob की सार्वजनिक चाबी से एन्क्रिप्ट किए गए किसी भी PGP संदेश को दूसरे ऐसे PGP संदेश में बदल दे जिसे नई बनी निजी चाबी से डीक्रिप्ट किया जा सके, जो अब Charles के पास है। इस फैक्टर का इस्तेमाल करके Proton संदेश को डीक्रिप्ट नहीं कर सकता या उसे दूसरी चाबी में नहीं बदल सकता। इससे Bob निजता के साथ छेड़छाड़ किए बिना Charles को सुरक्षित रूप से ईमेल फॉरवर्ड कर सकता है।
ध्यान देना ज़रूरी है कि Alice के Proton Mail इस्तेमाल न करने की भी संभावना है। ऐसा होने पर, Alice के ईमेल प्रदाता के पास उसके भेजे ईमेल तक एक्सेस होने की पूरी संभावना है, लेकिन Proton के पास नहीं। Bob को आने वाला संदेश Bob की सार्वजनिक चाबी का इस्तेमाल करके तुरंत एन्क्रिप्ट हो जाता है। अगर Bob ईमेल को Charles (या किसी दूसरे Proton Mail उपयोगकर्ता) को फॉरवर्ड करता है, तो ऊपर बताई योजना का बाकी हिस्सा लागू होगा।
ये भी ज़ोर देकर कहना ज़रूरी है कि अगर आप किसी गैर-Proton पते पे ईमेल फॉरवर्ड करते हैं, तो उस पते से आने वाले सारे ईमेल के लिए शुरु-से-अंत तक एन्क्रिप्शन अक्षम हो जाएगा। जब आप अब गैर-Proton ईमेल पते पे फॉरवर्ड नहीं करना चाहते, तब आप शुरु-से-अंत तक एन्क्रिप्शन दोबारा सक्षम कर सकते हैं। ध्यान दें: इससे आपके Proton Mail खाते के दूसरे पतों के एन्क्रिप्शन पे कोई असर नहीं पड़ेगा। इसलिए संगठनों के लिए हम सलाह देते हैं कि वो Proton Mail से बाहर फॉरवर्डिंग के लिए एक अलग समर्पित ईमेल पता सेटअप करें।
आपके बिज़नेस के लिए सेफ ईमेल
Proton में हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है आपके रोज़ाना इस्तेमाल होने वाले टूल्स की सुरक्षा और निजता को बेहतर बनाना. आपका ईमेल आपकी ऑनलाइन पहचान है, और बिज़नेस खाते खास तौर पे हमलों का निशाना बनते हैं और डाटा लीक का खतरा ज़्यादा रहता है.
एन्क्रिप्टेड ईमेल फॉरवर्डिंग जैसी खासियतें Proton Mail के आपका संगठन सुरक्षित रखने के तरीकों में से बस एक हैं। हमने एडवांस्ड फिशिंग सुरक्षा, हाई-सिक्योरिटी Sentinel प्रोग्राम, ट्रैकिंग लिंक से सुरक्षा, और कई दूसरी खास सुरक्षा खासियतें पेश की हैं।
ये सब हमारे उस मिशन का हिस्सा है जिसमें हम ऐसा इंटरनेट बनाना चाहते हैं जहां निजता डिफॉल्ट हो और आपका डाटा आपके कंट्रोल में हो। अगर आप ऑनलाइन बेहतर सुरक्षा और निजता पे शिफ्ट होने के लिए तैयार हैं, तो आप मुफ्त में नया Proton खाता बना सकते हैं। अगर आप एक बिज़नेस हैं जो हमारी ईमेल फॉरवर्डिंग आज़माना चाहता है, तो आप अपने संगठन के लिए सही प्लैन ढूंढ सकते हैं या हमारी सेल्स टीम से संपर्क कर सकते हैं।






